संदिग्ध हालात में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, किराए के मकान में मिला शव
मृतक की पहचान विजय गुप्ता निवासी सिंगरामऊ, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है, जो चिलबिला में किराए के मकान में रहकर अपनी पत्नी के साथ परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। नगर कोतवाली क्षेत्र के चिलबिला गांधी आश्रम गली में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान विजय गुप्ता निवासी सिंगरामऊ, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है, जो चिलबिला में किराए के मकान में रहकर अपनी पत्नी के साथ परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर चिलबिला चौकी प्रभारी लक्ष्मीकांत सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने हर पहलू से जांच-पड़ताल की। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहनता से पड़ताल कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
मृतक के शव को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Janmat News 
