पति को रंगे हाथ पकड़ने का किया दावा, पुलिस से अभद्रता का वीडियो वायरल
आरोपी व्यक्ति पुलिस के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। खुद को एडवोकेट बताते हुए उसने पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने और मामले को हाई कोर्ट तक ले जाने की धमकी दी।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने पति को किसी अन्य के साथ रंगे हाथ पकड़ने का दावा करते हुए डायल 112 पर पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हंगामे में बदल गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका पति संदिग्ध स्थिति में किसी अन्य के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पीआरवी 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी पति आगबबूला हो गया और पुलिसकर्मियों से ही उलझ पड़ा।
वायरल वीडियो में आरोपी व्यक्ति पुलिस के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। खुद को एडवोकेट बताते हुए उसने पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने और मामले को हाई कोर्ट तक ले जाने की धमकी दी। काफी देर तक चले इस हंगामे के दौरान वह पुलिस पर रौब झाड़ता नजर आया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था और पुलिस के प्रति व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

Janmat News 
