पत्नी समेत चार लोगों पर मारपीट और लूटपाट का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान नीरू ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं धर्मपलती पर हाथ से करीब पांच ग्राम सोने की अंगूठी, जेब में रखे पांच हजार रुपये तथा हाथ में पहनी घड़ी छीनने का आरोप लगाया गया है।

पत्नी समेत चार लोगों पर मारपीट और लूटपाट का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर /जनमत न्यूज। जनपद की कचहरी परिसर में एक सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपनी पत्नी समेत चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद कचहरी परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पावटी खुर्द निवासी मनोज पुत्र पालेराम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह 15 मई 2026 को अपनी तारीख पर न्यायालय संख्या-1 पहुंचे थे। आरोप है कि अदालत से बाहर निकलते ही उनकी पत्नी धर्मपलती, भाई नीरू, मां विशाखरी तथा सुशील पुत्र चमनलाल ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान नीरू ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं धर्मपलती पर हाथ से करीब पांच ग्राम सोने की अंगूठी, जेब में रखे पांच हजार रुपये तथा हाथ में पहनी घड़ी छीनने का आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल आपात सेवा पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मनोज ने थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है।

पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।