फतेहपुर में नवविवाहित दंपति की आत्महत्या से सनसनी, पति के बाद पत्नी ने भी लगाई फांसी

घरेलू विवाद के बाद पहले पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब इसकी जानकारी पत्नी को हुई तो कुछ ही देर बाद उसने भी फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

फतेहपुर में नवविवाहित दंपति की आत्महत्या से सनसनी, पति के बाद पत्नी ने भी लगाई फांसी
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बराती नगर मोहल्ले में एक नवविवाहित दंपति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी, जिसके बाद यह दर्दनाक कदम उठाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ने लगभग पांच माह पूर्व गांव की रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों किराए के मकान की ऊपरी मंजिल पर रह रहे थे। बताया जाता है कि किसी घरेलू विवाद के बाद पहले पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब इसकी जानकारी पत्नी को हुई तो कुछ ही देर बाद उसने भी फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

इस घटना से मोहल्ले में शोक और स्तब्धता का माहौल है। आसपास के लोगों के अनुसार दंपति सामान्य रूप से रह रहे थे, हालांकि आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।