हरदोई में भाजपा महिला मोर्चा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत प्रदर्शन के दौरान जमकर हुआ हंगामा

भाजपा महिला मोर्चा ने हरदोई में आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च शहर के कई मार्गों से होता हुआ कांग्रेस कार्यालय पहुँचा, जहाँ महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर विवाद हो गया।

हरदोई में भाजपा महिला मोर्चा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत प्रदर्शन के दौरान जमकर हुआ हंगामा
REPORTED BY - SUNIL KUMAR, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई/जनमत न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ अभद्र भाषा प्रयोग के विरोध में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने हरदोई में आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च शहर के कई मार्गों से होता हुआ कांग्रेस कार्यालय पहुँचा, जहाँ महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर विवाद हो गया।

जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष अलका गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा के नेतृत्व में महिलाएँ हाथों में तख्तियाँ और बैनर लिए हुए थीं। इन तख्तियों पर "मां का अपमान करने वाली कांग्रेस शर्म करो" और "माफी मांगो" जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पहुँचते ही नारेबाजी शुरू कर दी।

इसी दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय समेत कई नेताओं की मौजूदगी में दोनों दलों के बीच तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा महिला कार्यकर्ताओं पर लाल रंग और कीचड़ फेंका। इससे माहौल और गर्मा गया।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोकतंत्र की मर्यादा छोड़कर हुड़दंग का रास्ता अपनाया है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों से भटकाने के लिए सिर्फ प्रोपोगंडा कर रही है और विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है।

इस पूरे घटनाक्रम को शांत कराने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग व तिरपाल लगाकर स्थिति को नियंत्रित किया।