प्रेम विवाह के बाद दंपति ने मांगी पुलिस सुरक्षा
परिवार की मर्जी के विरुद्ध विवाह करने के कारण उन्हें जान का खतरा है। दंपति का आरोप है कि परिजन और कुछ अन्य लोग उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिससे वे भयभीत हैं।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय साक्षी पुत्री चमन सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की है। साक्षी ने बताया कि उसने 11 फरवरी 2026 को अंकुर कुमार (24) निवासी जनपद बागपत के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया है। दंपति ने स्पष्ट किया कि दोनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह किया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, परिवार की मर्जी के विरुद्ध विवाह करने के कारण उन्हें जान का खतरा है। दंपति का आरोप है कि परिजन और कुछ अन्य लोग उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जिससे वे भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
दंपति ने कहा कि वे शांतिपूर्ण ढंग से वैवाहिक जीवन व्यतीत करना चाहते हैं, लेकिन विरोध और संभावित खतरे के चलते उन्हें प्रशासन की मदद लेनी पड़ी है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा प्रार्थना पत्र प्राप्त कर संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी और यदि खतरे की आशंका पाई जाती है तो सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाएंगे।


