फतेहपुर: प्रेम कहानी का खौफनाक अंत, शादीशुदा प्रेमी ने प्रेमिका की गला दबाकर की हत्या

उप्र के फतेहपुर जनपद से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम संबंध का अंत हत्या के रूप में हुआ। 42 वर्षीय शादीशुदा प्रेमी ने अपनी 20 वर्षीय प्रेमिका पुष्पा की गला दबाकर हत्या कर दी।

फतेहपुर: प्रेम कहानी का खौफनाक अंत, शादीशुदा प्रेमी ने प्रेमिका की गला दबाकर की हत्या
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम संबंध का अंत हत्या के रूप में हुआ। 42 वर्षीय शादीशुदा प्रेमी ने अपनी 20 वर्षीय प्रेमिका पुष्पा की गला दबाकर हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि दोनों फतेहपुर शहर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर प्रेमिका की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने अपने बेटे राजकुमार, पड़ोसी लवलेश और एक अन्य रिश्तेदार के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम को छिपाने की साजिश रची। सबूत मिटाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से शव को रेलवे पटरी पर फेंक दिया जिससे मामला हादसा या आत्महत्या लगे।

वारदात को छिपाने के लिए आरोपी खुद थाने पहुंचा और प्रेमिका की गुमशुदगी भी दर्ज करा दी, लेकिन पुलिस की जांच में उसकी साजिश ज्यादा देर तक नहीं छिप सकी।

मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी गंगासागर, उसके पुत्र राजकुमार और पड़ोसी लवलेश को गिरफ्तार कर लिया है जबकि घटनाक्रम में शामिल एक अन्य फरार अभियुक्त की तलाश जारी है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक बाइक भी बरामद कर ली है।

मृतका और आरोपी दोनों थरियांव थाना क्षेत्र के घासीपुर औरेई गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि पूरा मामला राधानगर थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।