मां दुर्गा पर आपत्तिजनक गाना वायरल करने वाली बिरहा गायिका सरोज सरगम समेत छह गिरफ्तार
मड़िहान और कोतवाली शहर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिरहा गायिका सरोज सरगम, उसके पति राममिलन बिन्द समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिर्जापुर/जनमत न्यूज। शारदीय नवरात्रि के दौरान सोशल मीडिया पर मां दुर्गा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाला गाना वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मड़िहान और कोतवाली शहर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिरहा गायिका सरोज सरगम, उसके पति राममिलन बिन्द समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन, डिजिटल साक्ष्य और आपत्तिजनक साहित्य भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, सरोज सरगम ने अपने यूट्यूब चैनल पर गाना अपलोड कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया था। 21 सितंबर को वीडियो हटवाए जाने के बावजूद उसने एक और वीडियो रिकॉर्ड कर मां दुर्गा और हिन्दू समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की और उसे वायरल कर दिया। इस कृत्य से जनमानस में आक्रोश और तनाव फैल गया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सरोज सरगम और उसके पति ने बताया कि वे संगठित रूप से बिरहा मंडली चलाते हैं और पिछले तीन वर्षों से पीडीए वर्ग के लिए गाने गा रहे थे। उन्होंने स्वीकार किया कि यह विवादित गाना उन्होंने राजवीर सिंह यादव के कहने पर पैसे लेकर तैयार किया था। चैनल निर्माण और कंटेंट अपलोडिंग का कार्य प्रयागराज में होता था।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि करीब दस माह पूर्व सरोज सरगम और उसका पति ईसाई धर्म अपना चुके हैं। इसके अलावा वे गढ़वा गांव में वन विभाग की करीब 15 बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती कर रहे थे, जिसे हाल ही में पुलिस और वन विभाग ने मुक्त कराया।
गिरफ्तार आरोपियों में सरोज सरगम उर्फ सरोज कोल (गायिका), राममिलन बिन्द (निर्माता/निर्देशक), सीताराम कोल, सुरेश कोल (कोरस गायक), प्रेम सरोज उर्फ प्रचंड (ढोलक वादक) और राकेश कुमार यादव (हारमोनियम वादक) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक (कोतवाली शहर), बाल मुकुंद मिश्रा (मड़िहान), एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सिंह और सर्विलांस प्रभारी मानवेन्द्र सिंह अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।

Janmat News 
