शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने की आत्महत्या, परिजनों ने कानूनगो और एसडीएम पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
परिजनों के अनुसार सुधीर मानसिक रूप से बेहद दबाव में था और उसकी प्रताड़ना के लिए उन्होंने संबंधित कानूनगो और एसडीएम को जिम्मेदार ठहराया है।
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। जनपद फतेहपुर के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बे में लेखपाल की आत्महत्या के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। शादी से ठीक एक दिन पहले लेखपाल सुधीर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
परिवार में आज जहां बारात की तैयारी होनी थी, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों के अनुसार सुधीर मानसिक रूप से बेहद दबाव में था और उसकी प्रताड़ना के लिए उन्होंने संबंधित कानूनगो और एसडीएम को जिम्मेदार ठहराया है। परिवार का आरोप है कि अधिकारी उसे लगातार अनावश्यक दबाव और मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे।
परिजन दोनों अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। मांगों को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर एडीएम, एएसपी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और अधिकारियों के स्तर से भी पूरे प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और लोग विवाह पूर्व इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

Janmat News 
