अयोध्या: रुदौली के सर्राफा लूट का खुलासा, प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार; नकली तमंचा और जेवर बरामद
उप्र के अयोध्या जनपद के रुदौली क्षेत्र में दिनदहाड़े सर्राफा दुकान में हुई लूट का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के रुदौली क्षेत्र में दिनदहाड़े सर्राफा दुकान में हुई लूट का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि इस सनसनीखेज वारदात को प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर अंजाम दिया था।
एसपी ग्रामीण के अनुसार, बुर्का पहनकर दुकान में दाखिल हुई महिला ने नकली तमंचा दिखाकर दुकानदार को धमकाया और करीब 26 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए। वारदात के समय उसका प्रेमी मोटरसाइकिल लेकर दुकान के बाहर इंतजार कर रहा था।
लूट के बाद दोनों बाइक से फरार हो गए थे।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से लूट में इस्तेमाल नकली तमंचा, मोटरसाइकिल, सोने का हार और लॉकेट बरामद किया गया है।एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
