आठ माह बाद हत्या का खुलासा, खेत में गाड़ा मिला युवक का शव

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जेसीबी की मदद से खेत में खुदाई कराई, जहां से युवक का शव बरामद किया गया।

आठ माह बाद हत्या का खुलासा, खेत में गाड़ा मिला युवक का शव
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद फर्रुखाबाद में पुलिस ने आठ महीने से लापता युवक के मामले में बड़ा खुलासा किया है। एसओजी टीम फर्रुखाबाद ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने हत्या कर शव खेत में गाड़ने की बात कबूल कर ली।

जानकारी के अनुसार युवक करीब आठ माह पहले अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने पहले ही हत्या कर शव गायब किए जाने की आशंका जताई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या कर शव को खेत में गाड़ देने की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जेसीबी की मदद से खेत में खुदाई कराई, जहां से युवक का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और खुदाई की निगरानी में शव को बाहर निकलवाया।

इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला अमृतपुर थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।