रायबरेली में पति बना हैवान: पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मृतका नीतू ने अपने पति अखिलेश को शराब पीने से मना किया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में घरेलू हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका नीतू ने अपने पति अखिलेश को शराब पीने से मना किया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान भट्ठे पर जाने को लेकर भी कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आरोपी पति ने पत्नी को रास्ते भर बेरहमी से पीट दिया।
मारपीट के दौरान लगी गंभीर चोटों के चलते नीतू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बीच लगातार विवाद चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह घटना घरेलू हिंसा के गंभीर रूप को उजागर करती है और समाज में बढ़ती ऐसी घटनाओं पर चिंता बढ़ाती है।

Janmat News 
