27 अप्रैल को देशभर में 'गो सम्मान दिवस', गोहत्या बैन की मांग को लेकर अयोध्या से महाअभियान शुरू
उप्र के अयोध्या जनपद में 27 अप्रैल को देशभर में पहला 'गो सम्मान दिवस' मनाया जाएगा और इसी के साथ गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी 'गो सम्मान आह्वान अभियान' की शुरुआत होगी।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में 27 अप्रैल को देशभर में पहला 'गो सम्मान दिवस' मनाया जाएगा और इसी के साथ गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी 'गो सम्मान आह्वान अभियान' की शुरुआत होगी।
अयोध्या से शुरू हो रहे इस महाअभियान का मकसद गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान दिलाना है। आंदोलन तीन चरणों में राष्ट्रपति भवन तक पहुंचेगा। पहले चरण में 27 अप्रैल को देशभर के गो प्रेमी अपनी तहसील, ब्लॉक और अनुमंडल अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे।
दूसरे चरण में 27 जुलाई को जिला कलेक्टर के माध्यम से और तीसरे चरण में 27 अक्टूबर को राज्य सचिव के जरिए महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा।
अभियान की चार बड़ी मांगें हैं-
- गोहत्या पर देशभर में पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए.
- गोमाता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिया जाए.
- केंद्रीय गो सेवा कानून और अलग गो मंत्रालय का गठन हो.
- राष्ट्रीय गोचर बोर्ड व चारा सुरक्षा नीति लागू की जाए.
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। अभियान की प्रधान संरक्षक वेदलक्षणा गोमाता और अध्यक्ष नंदी बाबा हैं। आयोजकों ने साफ किया है कि इस मुहिम के लिए किसी भी तरह का दान या चंदा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अभियान से जुड़ने के इच्छुक लोग 9067777323 पर मिस्ड कॉल दे सकते हैं। यह जानकारी अयोध्या शहर के सिविल लाइन स्थित एक स्थानीय होटल में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी गई।

Janmat News 
