लखीमपुर खीरी: घरेलू विवाद के चलते लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, पुलिस कर रही जांच

उप्र के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र स्थित नौशर जोगी गांव में शुक्रवार को एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

लखीमपुर खीरी: घरेलू विवाद के चलते लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, पुलिस कर रही जांच
Published By- Diwaker Mishra

लखीमपुर खीरी से लोकेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट

लखीमपुर खीरी/जनमत न्यूज़। उप्र के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र स्थित नौशर जोगी गांव में शुक्रवार को एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घरेलू विवाद के चलते हुए इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना दिन में करीब 12 बजे हुई। मृतक रामसेवक पुत्र मूलचंद का राजेश नामक व्यक्ति को लेकर विपक्षी पूरन पुत्र घुरई और अवधेश पुत्र पूरनलाल से विवाद हो गया। जब रामसेवक ने गाली-गलौज करने से मना किया तो विपक्षी लाठी-डंडे लेकर उस पर हमलावर हो गए। इस दौरान नीरज, राजकुमार और उसके भाई समेत कुछ अन्य अज्ञात लोग भी हमले में शामिल हो गए।

रामसेवक के साढू का लड़का अरविंद जब उसे बचाने आया तो हमलावरों ने उस पर भी लाठी-डंडों से वार किया। शोर सुनकर पड़ोस के कई लोग मौके पर जमा हो गए तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल रामसेवक को तत्काल बिजुआ सीएचसी ले जाया गया वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर भीरा थानाध्यक्ष रोहित दुबे और बिजुआ चौकी इंचार्ज सुशील तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।