फतेहपुर में दबंगों का कहर, जेसीबी से गिराया भूतपूर्व सैनिक का मकान; 5 लाख रुपये का सामान भी लूटा
उप्र के फतेहपुर जिले से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी खुर्द गांव में दबंगों ने एक भूतपूर्व सैनिक के परिवार का पुश्तैनी मकान जेसीबी से गिरा दिया।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जिले से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी खुर्द गांव में दबंगों ने एक भूतपूर्व सैनिक के परिवार का पुश्तैनी मकान जेसीबी से गिरा दिया।
पीड़िता शशि देवी ने पूर्व सैनिक संगठन के साथ मिलकर डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि 25 फरवरी को गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर उनके दो मंजिला मकान को ढहा दिया और घर में रखा करीब 5 लाख रुपये का सामान ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर ले गए।
पीड़िता के मुताबिक इस मकान में करीब 50 वर्षों से सरकारी राशन की दुकान भी संचालित होती थी। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने मौके पर मौजूद जेसीबी को वहीं रुकवा दिया।
पीड़ित महिला का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत कल्याणपुर थाने, पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन से की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इतना ही नहीं, दबंगों द्वारा लगातार जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो वह अपने बच्चों के साथ आमरण अनशन करने को मजबूर होंगी।

Janmat News 
