ढाबों में खुलेआम शराबखोरी और डांस का खेल, वायरल वीडियो ने प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
ढाबे के अंदर युवक शराब पीते हुए तेज म्यूजिक पर डांस कर रहे हैं। आरोप है कि ढाबे पर बिना किसी वैध लाइसेंस और अनुमति के शराब परोसी जा रही है।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले में कानून व्यवस्था और आबकारी नियमों को ठेंगा दिखाते हुए ढाबों में खुलेआम शराबखोरी का खेल बदस्तूर जारी है। बछरावां थाना क्षेत्र के कुंदनगंज स्थित यदुवंशी ढाबा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ढाबे के अंदर युवक शराब पीते हुए तेज म्यूजिक पर डांस कर रहे हैं। आरोप है कि ढाबे पर बिना किसी वैध लाइसेंस और अनुमति के शराब परोसी जा रही है। देर रात तक बाहरी युवाओं का जमावड़ा लगे रहने से न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि क्षेत्र का सामाजिक माहौल भी लगातार बिगड़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदुवंशी ढाबा समेत आसपास के कई ढाबों में इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं। इसकी शिकायतें भी कई बार की जा चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार पुलिस और आबकारी विभाग की अनदेखी के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों का आरोप है कि ढाबों में शराबखोरी और शोर-शराबे के चलते राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आबकारी नियमों के अनुसार ढाबों में शराब परोसना स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिससे शासन-प्रशासन की सख्ती केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद अब यह सवाल और भी मुखर होकर सामने आ गया है कि क्या पुलिस और आबकारी विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर यदुवंशी ढाबा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह केवल वायरल वीडियो तक ही सीमित रह जाएगा।

Janmat News 
