हल्द्वानी में खड़गे के मंच के 'शुद्धिकरण' की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय: हसीब खान

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बलरामपुर की उतरौला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हसीब खान ने हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित 'शुद्धिकरण' की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है।

हल्द्वानी में खड़गे के मंच के 'शुद्धिकरण' की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय: हसीब खान
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बलरामपुर की उतरौला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हसीब खान ने हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित 'शुद्धिकरण' की घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है।

उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक समाज में ऐसी संकीर्ण मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं है।

अपने आधिकारिक बयान में हसीब खान ने कहा, "बड़े दुख और शर्म के साथ कहना पड़ रहा है कि आज भी छुआछूत और भेदभाव जैसी संकीर्ण सोच हमारे समाज में जीवित है। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे  की गरिमामयी जनसभा के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ की यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

यह केवल खड़गे का अपमान नहीं है, बल्कि उस संवैधानिक भारत का अपमान है, जो समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय के अटूट सिद्धांतों पर खड़ा है।"

उन्होंने आगे कहा कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके स्पर्श, उपस्थिति या विचारों को अपवित्र मानना एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है।

हसीब खान ने स्पष्ट किया, "ऐसी विभाजनकारी सोच को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। यह सिर्फ एक मंच का ‘शुद्धिकरण’ नहीं, बल्कि हमारी पूरी सामाजिक चेतना के सामने खड़ा एक गंभीर सवाल है, जिसके खिलाफ हम सबको एकजुट होना होगा।"