मैनपुरी में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 11 केंद्रों पर 19286 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए मैनपुरी जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट
मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 8, 9 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए मैनपुरी जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 19,286 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक केंद्र पर एंबुलेंस, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका को ठंडे पानी के टैंकर और साफ-सफाई की व्यवस्था करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रदेश और जनपद की प्रतिष्ठा से जुड़ी है। वर्तमान में नकल के विरुद्ध कठोर कानून लागू हैं, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि परीक्षा संचालन के लिए निर्धारित मानक प्रक्रिया पूर्व में हुई घटनाओं और अनुभवों के आधार पर तैयार की गई है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक प्रत्येक प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। महिला अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण सुरक्षा और जांच व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि 6 जून से किसी भी परीक्षा केंद्र में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा सभी सीसीटीवी कैमरे लगातार संचालित रखे जाएंगे। अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद ने बताया कि परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। जनपद के क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज सहित 11 केंद्रों पर परीक्षाआयोजित की जाएगी।
परीक्षा की निगरानी के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

Janmat News 
