चंदौली के सैयदराजा नगर पंचायत में करोड़ों के घोटाले का आरोप, CM कार्यालय तक पहुंची शिकायत; जांच शुरू
उप्र के चंदौली जनपद की सैयदराजा नगर पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों से हड़कंप मच गया है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद की सैयदराजा नगर पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों से हड़कंप मच गया है। नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शंकर जायसवाल द्वारा की गई शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वर्ष 2025 से अब तक कराए गए विकास कार्यों की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में पहले से निर्मित सड़कों और नालियों को अनावश्यक रूप से तोड़कर दोबारा निर्माण कराया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ।
साथ ही पुराने इंटरलॉकिंग ईंटों का पुनः उपयोग कर सरकारी धन के बंदरबांट का भी आरोप लगाया गया है। कूड़ेदान वितरण सहित अन्य विकास कार्यों में भी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच टीम गठित कर दी गई है, जिसने पूरे प्रकरण की पड़ताल शुरू कर दी है। इस बीच पूर्व चेयरमैन शंकर जायसवाल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व चेयरमैन शंकर जायसवाल ने कहा मैंने नगर पंचायत में हुए विकास कार्यों और खर्च की जांच की मांग की है। शिकायत में जिन कार्यों का उल्लेख किया गया है, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
यदि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जनता के पैसे का सही उपयोग होना चाहिए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। मुझे उम्मीद है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाएगा।"
फिलहाल जांच टीम द्वारा दस्तावेजों और विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Janmat News 
