मुजफ्फरनगर: कच्चा मकान गिरने से परिवार बेघर, डीएम ने तत्काल लिया संज्ञान; एसडीएम को दिए निर्देश

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के ग्राम खतोला निवासी मजदूर अफसरुल पुत्र आलादीन का लगातार हुई बारिश के कारण कच्चा मकान ढह जाने का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया।

मुजफ्फरनगर: कच्चा मकान गिरने से परिवार बेघर, डीएम ने तत्काल लिया संज्ञान; एसडीएम को दिए निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के ग्राम खतोला निवासी मजदूर अफसरुल पुत्र आलादीन का लगातार हुई बारिश के कारण कच्चा मकान ढह जाने का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया।

जानकारी के अनुसार, अफसरुल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 9/10 जुलाई 2026 की रात हुई भारी बारिश के कारण उसका कच्चा मकान गिर गया, जिससे पूरा परिवार बेघर हो गया। परिवार फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता की मांग कर रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संबंधित उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को तत्काल फोन कर निर्देश दिए कि मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करें तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

डीएम के निर्देश के बाद राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार किए जाने और शासन की आपदा राहत योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी के त्वरित संज्ञान पर आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने की मांग दोहराई है।