हरदोई में सांप ने युवक को डसा, भाई ने जड़े 150 थप्पड़; 15 एंटी-वेनम डोज से बची जान
उप्र के हरदोई जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र के ज्योति नगर में जहरीले सांप के डसने से गंभीर हालत में पहुंचे 21 वर्षीय युवक की समय पर इलाज मिलने से जान बच गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र के ज्योति नगर में जहरीले सांप के डसने से गंभीर हालत में पहुंचे 21 वर्षीय युवक की समय पर इलाज मिलने से जान बच गई। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर की सलाह से बड़े भाई ने उसे लगातार 150 थप्पड़ मारकर होश में रखा। मेडिकल कॉलेज में दो घंटे के भीतर युवक को एंटी-वेनम की 15 डोज दी गईं।
जानकारी के अनुसार ज्योति नगर निवासी आकाश डेयरी चलाते हैं। शनिवार दोपहर उनके छोटे भाई अरुण (21) खेत में पानी लेकर गए थे। घास की बोरी उठाते समय उसमें छिपे सांप ने अरुण को डस लिया। चीख सुनकर आकाश मौके पर पहुंचे और भाई को सड़क की ओर ले आए।
इसी दौरान एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई। अरुण की हालत लगातार बिगड़ रही थी। इसी बीच प्रगति नगर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक शिवम शर्मा वहां से गुजरे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता देखते हुए दोनों भाइयों को अपनी बाइक से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अस्पताल की इमरजेंसी में ईएमओ डॉ.शेर सिंह और उनकी पांच सदस्यीय टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और डॉक्टर ने परिजनों को मरीज को सोने न देने की सलाह दी। इसके बाद बड़े भाई आकाश ने करीब 150 थप्पड़ मारकर अरुण को जगाए रखा और उसकी स्थिति पर नजर बनाए रखी।
डॉ. शेर सिंह के मुताबिक,सामान्य तौर पर सांप के काटने पर पांच एंटी-वेनम इंजेक्शन दिए जाते हैं, लेकिन अरुण के शरीर में जहर का गंभीर असर दिखाई देने पर दो घंटे के भीतर कुल 15 एंटी-वेनम डोज दी गईं।
डॉक्टर ने बताया कि ऐसे मामलों में मरीज का बेहोश होना या सो जाना गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है।समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले शिवम शर्मा और उपचार में जुटी मेडिकल टीम की तत्परता से अरुण की हालत में सुधार हुआ। परिजनों ने डॉक्टरों और मददगार शिवम का आभार जताया।







