मुजफ्फरनगर में महिला ने लगाया ब्लैकमेलिंग, धर्म परिवर्तन और ठगी का आरोप; एसएसपी से कार्रवाई की मांग

सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव घलोली निवासी एक महिला ने मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर सिविल लाइन क्षेत्र के कुछ लोगों पर उसके पति को ब्लैकमेल करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने, लाखों रुपये की वसूली करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

मुजफ्फरनगर में महिला ने लगाया ब्लैकमेलिंग, धर्म परिवर्तन और ठगी का आरोप; एसएसपी से कार्रवाई की मांग
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव घलोली निवासी एक महिला ने मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर सिविल लाइन क्षेत्र के कुछ लोगों पर उसके पति को ब्लैकमेल करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने, लाखों रुपये की वसूली करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

प्रार्थिया शिवानी पत्नी रविश कुमार का आरोप है कि उसका पति वर्ष 2023 से मुजफ्फरनगर की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उससे संपर्क बढ़ाया और कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए।

महिला का आरोप है कि बाद में इन्हीं वीडियो के आधार पर उसके पति को ब्लैकमेल किया गया तथा विभिन्न बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर कराए गए।

प्रार्थना पत्र के अनुसार आरोपितों ने उसके पति से करीब 17 लाख रुपये वसूल लिए और लगातार और धनराशि की मांग कर रहे हैं। महिला का कहना है कि विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 4 जून 2026 को कई लोग एक राय होकर उसके घर में घुस आए, तोड़फोड़ की, गाली-गलौज की तथा सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित वहां से चले गए।

पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने, उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।