उरई में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़; तीन बदमाश गिरफ्तार, तीनों के पैर में लगी गोली
उप्र के उरई जनपद के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में कोतवाली उरई पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल हुई है।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/ जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में कोतवाली उरई पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ एक्सके दौरान चोरी की योजना बना रहे 3 शातिर अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मेडिकल कॉलेज परिसर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा नियंत्रित कार्रवाई की गई।
मुठभेड़ में तीनों अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, करीब 60,000 रुपये नगद तथा चोरी के उपकरण बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने गुजरात, राजस्थान, बिहार व उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है।
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली उरई के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह का विशेष योगदान रहा, जिनके नेतृत्व में टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए इस ऑपरेशन को सफल बनाया।
उनके इस “गुड वर्क” की पुलिस महकमे में सराहना की जा रही है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

Janmat News 
