औरैया: पुलिस मुठभेड़ में चोरी के छह आरोपी गिरफ्तार, दो बदमाश घायल

उप्र के औरैया जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

औरैया: पुलिस मुठभेड़ में चोरी के छह आरोपी गिरफ्तार, दो बदमाश घायल
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीती रात थाना बिधूना, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के मामले में वांछित छह अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

मुठभेड़ के दौरान दो अभियुक्त घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में दिनांक 30 जून एवं 1 जुलाई 2026 की रात्रि को संयुक्त पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना बिधूना क्षेत्र में चोरी के अभियोग में वांछित आरोपी ग्राम डहरियापुर मोड़ के पास मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, दबिश के दौरान बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई।

जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्त घायल हो गए, जबकि कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी बिधूना भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।