मैनपुरी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस बल तैनात

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाबा साहेब की प्रतिमा को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

मैनपुरी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस बल तैनात
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट —

मैनपुरी/जनमत न्यूज। जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब अराजकतत्वों द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह ग्रामीणों की नजर प्रतिमा पर पड़ते ही पूरे इलाके में खबर तेजी से फैल गई और घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों तथा सामाजिक संगठनों के लोग जुट गए।

घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि कुछ अराजकतत्व जानबूझकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही बेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाबा साहेब की प्रतिमा को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन के सामने फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों तक जल्द पहुंचने की बड़ी चुनौती बनी हुई है।