रायबरेली में अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस का अभियान, फर्जी बाबा गिरफ्तार; लोगों को भ्रमित करने का आरोप
उप्र के रायबरेली जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में थाना नसीराबाद पुलिस ने एक फर्जी बाबा को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 9 जनवरी को नसीराबाद थाना पुलिस ने तांत्रिक गतिविधियों में संलिप्त एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हजरत अली, उम्र लगभग 59 वर्ष, निवासी नसीराबाद के रूप में हुई है। आरोपी पर तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध शांति व्यवस्था भंग करने से संबंधित कार्रवाई की गई है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह के तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक या अंधविश्वास फैलाने वालों के बहकावे में न आएं। यदि कहीं इस तरह की गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को सूचना दें।

Janmat News 
