प्रतापगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तीन तस्कर गिरफ्तार, 2.22 करोड़ का गांजा बरामद
उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस और स्वाट टीम ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.22 करोड़ रुपये का अवैध गांजा बरामद किया है। यह बरामदगी फतनपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी बॉर्डर बैरियर के पास एक ट्रक से हुई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस और स्वाट टीम ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.22 करोड़ रुपये का अवैध गांजा बरामद किया है। यह बरामदगी फतनपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी बॉर्डर बैरियर के पास एक ट्रक से हुई।
पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे की कुल मात्रा 2 क्विंटल 21 किलो 640 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.22 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में ट्रक चालक सहित मो. अरबाज (जाफरपुर), शोएब मलिक (कठार मधुपुर) और मो. वासिर (मंदाह, सभी कंधई थाना क्षेत्र) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से अवैध गांजा लाकर उसे अन्य सामानों के बीच ट्रक में छिपाकर विभिन्न शहरों में सप्लाई करते थे। मुख्य आरोपी मो. अरबाज का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ कंधई थाने में कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने फतनपुर थाने में मु.अ.सं. 82/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फतनपुर मनीष कुमार त्रिपाठी और स्वाट टीम प्रभारी अमित कुमार चौरसिया सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रतापगढ़ पुलिस ने जिले को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चला रखा है और आम जनता से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 6307363107 पर सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Janmat News 
