प्रतापगढ़: विवादित पेड़ काटने पर हुआ हंगामा, कंधई थाना प्रभारी ने महिला को मारा थप्पड़
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कंधई थाना क्षेत्र के परानपुर गांव में एक विवादित पेड़ को काटने को लेकर हंगामा हो गया। सूचना पर कंधई थाने की पुलिस पहुंची। टीम में महिला सिपाही भी मौजूद थीं।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कंधई थाना क्षेत्र के परानपुर गांव में एक विवादित पेड़ को काटने को लेकर हंगामा हो गया। सूचना पर कंधई थाने की पुलिस पहुंची। टीम में महिला सिपाही भी मौजूद थीं।
इसके बावजूद कंधई थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने गुस्से में तमतमाते हुए एक महिला को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद मां और उसकी नाबालिग बेटी को गर्दन से पकड़कर घसीटते हुए ले गए।
जिस महिला को थप्पड़ मारा गया उसकी गोद में एक मासूम बच्चा भी था, लेकिन थाना प्रभारी ने इसकी भी परवाह नहीं की।विरोध में जब परिवार के बच्चे मां को बचाने आए तो उन्हें भी धकेल दिया।
यह सारा नजारा बाकी की पुलिस टीम वही खड़े देखती रही। बुधवार की इस घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आया है। हालांकि थाना प्रभारी ने थप्पड़ मारने की बात से साफ इनकार किया है। इस पर पीड़ितों का कहना है कि थाना प्रभारी झूठ बोल रहे हैं।
यह है पूरा घटनाक्रम
यूकेलिप्टस का पेड़ हटाने को लेकर हुआ था विवाद हाल ही में आई आंधी के कारण गांव में एक सफेदा (यूकेलिप्टस) का पेड़ गिर गया था। यह पेड़ कुछ लोगों के आवागमन को बाधित कर रहा था।
पड़ोस के कुछ ग्रामीण इस पेड़ को अपना बताते हुए उसे काटने का विरोध कर रहे थे, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया था। विवाद की शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी आदित्य सिंह पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जब पेड़ काटने के लिए आरा चलाया जाने लगा तो कुछ महिलाएं उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़ीं। इस दौरान एसओ और अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया।
इसी दौरान थाना प्रभारी ने एक महिला को थप्पड़ मार दिया। थाना प्रभारी ने दी सफाई थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि राजस्व टीम की मौजूदगी में पेड़ काटा जा रहा था।
उन्होंने कहा कि महिलाएं आरे की ओर दौड़ पड़ी थीं, जिन्हें पुलिसकर्मियों द्वारा हटाया गया। थाना प्रभारी ने महिला को थप्पड़ मारने के आरोप को सिरे से खारिज किया है।

Janmat News 
