बलरामपुर: शराब के नशे में पुलिस लाइन के फॉलोअर का हाई वोल्टेज ड्रामा, तोड़ी गाड़ियां और कुर्सी
उप्र के बलरामपुर जनपद में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस लाइन में तैनात एक फॉलोअर शराब के नशे में यातायात चौकी पर पहुंचकर उत्पात मचाने लगा।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस लाइन में तैनात एक फॉलोअर शराब के नशे में यातायात चौकी पर पहुंचकर उत्पात मचाने लगा। मामला फुलवरिया बाईपास स्थित यातायात चौकी का है, जहां रात करीब 10 बजे पुलिस लाइन फॉलोअर अवधेश कुमार नशे की हालत में पहुंचा और जमकर तोड़फोड़ की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अवधेश कुमार ने चौकी पर रखी कुर्सियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां खड़ी कुछ गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान वह मौजूद यातायात पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा का प्रयोग करता रहा और बदसलूकी करता नजर आया। करीब आधे घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद अवधेश कुमार के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए।
इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर जहां पुलिस लोगों को नशे से दूर रहने की सलाह देती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस विभाग से जुड़ा ही एक कर्मचारी शराब के नशे में उत्पात मचाता नजर आया। यह घटना पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े कर रही है।

Janmat News 
