चेन स्नेचिंग के बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ में एक घायल, दोनों गिरफ्तार

सीमा देवी अपने पति के साथ मां बाराही देवी धाम के दर्शन कर बेटे की शादी का निमंत्रण पत्र चढ़ाकर लौट रही थीं। तभी भगवतगंज बाजार पार करते समय बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से आकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक हुए हमले में महिला बाइक से गिरकर घायल हो गईं।

चेन स्नेचिंग के बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ में एक घायल, दोनों गिरफ्तार
REPORTED BY - VIKAS GUPTA, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और चेन स्नेचिंग करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक को गोली लगी है। घायल बदमाश गुलजार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका साथी तबरेज पुलिस हिरासत में है।

मुठभेड़ रानीगंज थाना क्षेत्र के चंद्री गोविंदपुर गांव के पास हुई। पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली गुलजार के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी 7 नवंबर को हुई चेन स्नेचिंग की वारदात में शामिल थे। यह घटना रानीगंज के प्रेम नगर बाजार निवासी सीमा देवी पत्नी रमाकांत विश्वकर्मा के साथ हुई थी। सीमा देवी अपने पति के साथ मां बाराही देवी धाम के दर्शन कर बेटे की शादी का निमंत्रण पत्र चढ़ाकर लौट रही थीं। तभी भगवतगंज बाजार पार करते समय बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से आकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक हुए हमले में महिला बाइक से गिरकर घायल हो गईं।

पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने घटना के बाद से लगातार छानबीन जारी रखी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आज दोनों बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।