रामपुर: भगवान परशुराम चौक निर्माण पर विधायक का सम्मान, वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की उठाई मांग

अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, जनपद रामपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष पंडित सौरभ पाठक के नेतृत्व में रामपुर नगर विधायक आकाश सक्सेना से मुलाकात की।

रामपुर: भगवान परशुराम चौक निर्माण पर विधायक का सम्मान, वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की उठाई मांग
Published By- Diwaker Mishra

रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट

रामपुर/जनमत न्यूज़। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, जनपद रामपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष पंडित सौरभ पाठक के नेतृत्व में रामपुर नगर विधायक आकाश सक्सेना से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने सिविल लाइन क्षेत्र में भगवान परशुराम चौक का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराए जाने एवं विधिवत लोकार्पण कराने पर विधायक का अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें गाड़ी संख्या 26503/26504 गोमती नगर-सहारनपुर जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस का रामपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि मिश्रिख तहसील स्थित पवित्र तीर्थस्थल नैमिषारण्य धाम सनातन धर्मावलंबियों की प्रमुख आस्था का केंद्र है। यहां से वर्षभर साधु-संत एवं श्रद्धालु विभिन्न जनपदों में आवागमन करते हैं। ऐसे में वंदे भारत एक्सप्रेस का रामपुर में ठहराव होने से श्रद्धालुओं, साधु-संतों तथा आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि डालीगंज जंक्शन से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में उपचार के लिए जाने वाले मरीजों को भी इस ट्रेन के ठहराव से लाभ मिलेगा और उनकी यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।

प्रतिनिधिमंडल में मोनिका शर्मा, अनु मिश्रा, अभिषेक शर्मा, पुनीत शर्मा, पारस वशिष्ठ, संदीप शर्मा, पवन पाठक, अनुभव वशिष्ठ, शिवम शर्मा, सात्विक भारद्वाज, मयंक शर्मा, सुखदेव मिश्रा, विकास शर्मा, ऋतुन्जय बंधु शर्मा, गोपाल शर्मा एवं नूतन शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।