उरई: सड़क हादसों पर सख्ती के निर्देश; डीएम बोले- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, चलेगा जागरूकता अभियान

उप्र के उरई के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कर सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उरई: सड़क हादसों पर सख्ती के निर्देश; डीएम बोले- लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, चलेगा जागरूकता अभियान
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कर सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने हाल ही में जोल्हूपुर के पास हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि चालक को नींद आने के कारण हुई यह दुर्घटना बेहद गंभीर हुई है। उक्त दुर्घटना के ऑडिट के लिए एसडीएम, सीओ, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता सीडी 3 और एनएचएआई के अधिकारियों सहित टीम गठित की गई है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से 24 घंटे सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएं तथा थके हुए वाहन चालकों को रेस्ट एरिया में विश्राम करने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने परिवहन विभाग को वाहन चालकों एवं परिचालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और दक्षता परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

साथ ही हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों, रॉन्ग साइड चलने वालों, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को स्कूलों और कॉलेजों में नियमित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में अभिभावकों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्कूल वाहनों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की नियमित जांच के निर्देश दिए।

शहरी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने शहरी यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए विकास प्राधिकरण सचिव, नगर मजिस्ट्रेट एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उरई को निर्देश दिए की सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग और दुकानों के बाहर अतिक्रमण की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, एआरटीओ राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।