एटा में रोडवेज बस ने बाइक सवार छह लोगों को रौंदा, 2 की मौत; जन्माष्टमी की झांकियां देखकर लौट रहे थे
उप्र के एटा जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार रात 11:30 बजे रोडवेज बस ने एक बाइक पर जा रहे छह लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में एक बच्चे और किशोर की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए हैं।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार रात 11:30 बजे रोडवेज बस ने एक बाइक पर जा रहे छह लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में एक बच्चे और किशोर की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए हैं।
बाइक सवार लोग श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर शहर में झांकियों के दर्शन कर वापस अपने घरों को जा रहे थे। हादसे के बाद थोड़ी देर के लिए यातायात अवरुद्ध हो गया जिसे बाद में पुलिस ने पहुंचकर सुचारू कराया।
इस हादसे में पांच वर्षीय अर्जुन निवासी गंगा नगर और 17 वर्षीय श्याम सुंदर निवासी दत्तेई थाना मिरहची की मौत हो गई। जबकि गोविंद निवासी रेवाड़ी मोहल्ला थाना कोतवाली नगर, जूली निवासी बमनई, वर्षा, सूरती निवासी गंगानगर घायल हो गए।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी की झांकियां देखकर वापस घर लौट रहे थे सभी
बताया गया है कि बाइक भी ओवरलोड होने के कारण असंतुलित हो गई थी। घायलों का उपचार चल रहा है।बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए था। हादसे के बाद मृतकों और घायलों को मेडिकल कालेज पहुंचाया। रात में किसी की भी पहचान नहीं हो पाई।
शनिवार सुबह छह बजे परिवार के लोग ढूंढते हुए मेडिकल कालेज पहुंचे तब उन्हें हादसे के बारे में जानकारी हुई। मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घायल कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं।
वर्षा के कारण सड़क पर थी फिसलन
प्रत्यक्ष दर्शियों ने पुलिस को बताया है कि एटा की ओर से तेज रफ्तार से जाती हुई बाइक उन्होंने देखी थी। रोडवेज बस अलीगढ़ की तरफ से आ रही थी। हादसे के दौरान आमने-सामने की भिड़ंत हुई।
सीओ सिटी ने दी जानकारी
सीओ सिटी कृतिका सिंह ने बताया कि रोडवेज बस और बाइक में हुई भिड़ंत से बच्चों सहित दो की मौत हुई है। घायलों का उपचार जारी है। सुबह सात बजे दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके स्वजन को सौंप दिए गए। रोडवेज बस पकड़ ली गई है जबकि बस चालक भागा हुआ है।




