प्रतापगढ़: जर्जर मकान हादसे में अपनों को खो चुके अमन श्रीवास्तव से मिलीं विधायक पल्लवी पटेल, बंधाया ढांढस

उप्र के प्रतापगढ़ नगर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान की छत ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के मामले में अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल रविवार को प्रतापगढ़ पहुंचीं।

प्रतापगढ़: जर्जर मकान हादसे में अपनों को खो चुके अमन श्रीवास्तव से मिलीं विधायक पल्लवी पटेल, बंधाया ढांढस
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ नगर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान की छत ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के मामले में अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल रविवार को प्रतापगढ़ पहुंचीं।

उन्होंने हादसे में परिवार के इकलौते बचे अमन श्रीवास्तव के घर पहुंचकर उससे मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख जताते हुए ढांढस बंधाया,पल्लवी पटेल ने अमन से हादसे की जानकारी ली और परिवार के सदस्यों की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि यह बेहद हृदयविदारक घटना है। परिवार ने जिस तरह अपने छह सदस्यों को खोया है, उससे उबर पाना आसान नहीं है। इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं।

विधायक ने अमन को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

गौरतलब है कि दो दिन पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली में बारिश के दौरान जर्जर मकान की छत ढह गई थी। मलबे में दबने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अमन श्रीवास्तव हादसे में घायल होकर बच गया था। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।