फतेहपुर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो घायल, तीसरा गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है और अन्य संभावित साथियों की तलाश की जा रही है।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। फतेहपुर जनपद में पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस की तत्परता की चर्चा होने लगी।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के मदारीपुर लिंक रोड पर पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब बदमाशों को घेरने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि तीसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, ये सभी अभियुक्त चेन स्नेचिंग और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे और इनके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है और अन्य संभावित साथियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Janmat News 
