चीन की ड्यूटी के झटके से गिरा UPL का शेयर, जबरदस्त मुनाफे के बावजूद नुकसान

एग्रोकेमिकल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी UPL लिमिटेड के शेयर मंगलवार को बाजार खुलते ही जोरदार गिरावट के साथ 4% से अधिक टूटकर ₹645.40 पर पहुंच गए।

चीन की ड्यूटी के झटके से गिरा UPL का शेयर, जबरदस्त मुनाफे के बावजूद नुकसान
Published By: Satish Kashyap

Business News: एग्रोकेमिकल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी UPL लिमिटेड के शेयर मंगलवार को बाजार खुलते ही जोरदार गिरावट के साथ 4% से अधिक टूटकर ₹645.40 पर पहुंच गए। यह गिरावट उस समय आई है जब कंपनी ने मार्च 2025 तिमाही में रिकॉर्ड लाभ दर्ज किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस गिरावट की एक प्रमुख वजह चीन द्वारा भारत से आने वाले साइपरमेथ्रिन पर भारी एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया जाना हो सकता है।

UPL पर 166.2% एंटी-डंपिंग ड्यूटी

चीन ने साइपरमेथ्रिन पर अगले पांच वर्षों के लिए 48.4% से लेकर 166.2% तक की एंटी-डंपिंग ड्यूटी लगा दी है। UPL लिमिटेड पर सबसे ज्यादा 166.2% शुल्क लगाया गया है। इसके अलावा मेघमणि ऑर्गेनिक्स, भारत रसायन और हेरानबा इंडस्ट्रीज पर 62% की दर से शुल्क लगाया गया है। वहीं, गैरसूचीबद्ध कंपनियों में घर्दा केमिकल्स पर 75.7% और टैगरोस केमिकल्स पर 48.4% ड्यूटी लगाई गई है।

2140% की जबरदस्त बढ़ोतरी मुनाफे में

मार्च 2025 तिमाही में UPL लिमिटेड का समेकित शुद्ध लाभ 2140% की जोरदार बढ़ोतरी के साथ ₹896 करोड़ पहुंच गया है। जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह लाभ मात्र ₹40 करोड़ था।

कंपनी की कुल आय 10.61% बढ़कर ₹15,573 करोड़ हो गई है, जो एक साल पहले ₹14,078 करोड़ थी। तिमाही के दौरान EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और अमूर्त संपत्तियों को छोड़कर लाभ) में 68% की वृद्धि दर्ज की गई, जो अब ₹3,240 करोड़ है। EBITDA मार्जिन भी 710 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 20.8% तक पहुंच गया है।

शेयरधारकों को डिविडेंड का तोहफा

UPL के बोर्ड ने निवेशकों को प्रति शेयर ₹6 यानी 300% डिविडेंड देने की सिफारिश की है।