अल्मोड़ा में भीषण बस हादसा, रामनगर जा रही गाड़ी खाई में गिरी; छह यात्रियों की मौत

उत्तराखंड के अल्मोड़ा के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विनायक के पास सैलापानी के समीप एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बड़ा हादसा हो गया।

अल्मोड़ा में भीषण बस हादसा, रामनगर जा रही गाड़ी खाई में गिरी; छह यात्रियों की मौत
Published By- Diwaker Mishra

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)/जनमत न्यूज़। देवभूमि उत्तराखंड के अल्मोड़ा के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विनायक के पास सैलापानी के समीप एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक छह यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

रामनगर जा रही बस खाई में गिरी, राहत-बचाव कार्य जारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस रामनगर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि सैलापानी के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई यात्रियों की मौत हो गई।

अब तक पांच शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई है। मृतकों की पहचान और पते का पता लगाने का कार्य प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।

मौके पर पहुंची टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है।

घायलों को उपचार के लिए भेजा

घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और चालक द्वारा नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।

द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी बस

दुर्घटना हुई बस रामनगर के कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (KMOU) लिमिटेड संस्था की बस संख्या यूके 07 PA 4025 थी। सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी।

आज सुबह बस साढ़े छह बजे नोबाड़ा से चली थी। करीब आठ बजे बस सैलापानी बैंड के समीप दुर्घटना हो गई। चालक परिचालक ठीक है। बस रामनगर के मोहम्मद अल्ताफ की है।