इंदौर में जहरीले पानी से अबतक 15 लोगों की मौत, 338 नए केस; ICU में 32 मरीज

मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण बीमार होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

इंदौर में जहरीले पानी से अबतक 15 लोगों की मौत, 338 नए केस; ICU में 32 मरीज
Published By- Diwaker Mishra

इंदौर/जनमत न्यूज़। मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण बीमार होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को 338 नए मरीज मिले हैं। अभी-भी 32 मरीज ICU में भर्ती है। जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। अब तक करीब 2800 मरीज सामने आ चुके हैं।

एक और मौत

भागीरथपुरा में दूषित पानी की वजह से शुक्रवार को एक और बुजुर्ग महिला की मौत की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही दूषित पानी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 15 पर पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला का अरविंदो अस्पताल में इलाज चल रहा था।

यहां पानी का टैंकर सुविधा के लिए भेजा जा रहा है, लेकिन इसका पानी उपयोग करने में भी लोग डर रहे हैं। वह आरओ का पानी बुलवाकर पी रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 21 टीमें बनाई है, जिसमें डॉक्टर, पैरामेडिकल, ANM व आशा कार्यकर्ता शामिल है। घर-घर जाकर उबला पानी पीने एवं बाहर का भोजन ना खाने की समझाइश भी दी जा रही है।

गुरुवार को 1714 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें लगभग 8571 लोगों की जांच की गई। इनमें से करीब 338 मरीज मिले, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अब तक कुल 272 मरीजों को भर्ती किया गया है, इनमें से 71 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। अभी विभिन्न अस्पतालों में 201 मरीज भर्ती है, जिनमें 32 मरीज आईसीयू में है।

पांच नंबर जोन में बढ़ी जल संबंधी शिकायतें

दूषित जल से भागीरथपुरा में दर्जनों मौत के बाद निगम के अधिकारी जल संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। साल के पहले दिन दोपहर 2.30 बजे तक इंदौर-311 हेल्पलाइन पर पिछले 24 घंटे में 206 जल संबंधित पहुंची। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें जोन नंबर पांच की हैं।