दिल्ली: पत्थरबाजों के खिलाफ कार्रवाई, 10 लोग हिरासत में; उपद्रवियों की पहचान का काम जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के अभियान ने हिंसक रूप ले लिया।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के अभियान ने हिंसक रूप ले लिया। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत देर रात यह कार्रवाई शुरू की थी। स्थानीय लोगों ने इस अभियान का विरोध किया, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
विरोध कर रहे लोगों की भीड़ ने पुलिस और MCD की टीम पर पथराव कर दिया। इस हिंसक घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पथराव की इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और उपद्रवियों की पहचान का काम तेजी से जारी है। प्रारंभिक जांच और CCTV फुटेज के आधार पर कई उपद्रवियों को हिरासत में भी लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जो भी लोग इस घटना में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की जा रही थी, लेकिन कुछ लोगों ने इसे हिंसक रूप देकर कानून व्यवस्था को चुनौती दी।
10 लोग हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। CCTV फुटेज की मदद से पत्थर फेंकने वालों की पहचान की जा रही है। FIR फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ है, हालांकि पुलिस ने चार से पांच संदिग्धों की पहचान कर ली है।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट DCP नितिन वलसन ने कहा, 'रात में MCD के कर्मचारी JCB लेकर आए थे। हमने लोगों को बताया कि यह कोर्ट का आदेश है और वे इसके खिलाफ अपील कर सकते हैं। उन्होंने अपील की, लेकिन उन्हें स्टे ऑर्डर मिला।
25-30 लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। जवाबी कार्रवाई में, हमने उन्हें पीछे हटाने के लिए बल का इस्तेमाल किया। इस पत्थरबाज़ी में पांच पुलिस अधिकारी घायल हो गए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। हमने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
तोड़फोड़ का काम MCD कर रही है। जितना काम होना था, उतना हो गया है, और काम अभी भी जारी है। हमने कल ड्रोन कैमरे भी लगाए थे, हम सभी कैमरों की जांच कर रहे हैं।'

Janmat News 
