दिल्ली: तुर्कमान गेट में पथराव का राजनीतिक एंगल, सपा सांसद नदवी को समन; 30 उपद्रवियों की पहचान

दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास एमसीडी के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुए पथराव मामले में राजनीतिक एंगल सामने आया है।

दिल्ली: तुर्कमान गेट में पथराव का राजनीतिक एंगल, सपा सांसद नदवी को समन; 30 उपद्रवियों की पहचान
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास एमसीडी के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुए पथराव मामले में राजनीतिक एंगल सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी को जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, हिंसा से पहले सांसद मौके पर मौजूद थे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के बार-बार अनुरोध के बावजूद उन्होंने उस स्थान को नहीं छोड़ा।

बता दें कि मस्जिद के पास बुलडोजर की यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों पर एमसीडी और पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान में की गई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 7 जनवरी तड़के की गई थी। इससे पहले शांति बनाए रखने के लिए अमन कमेटी और स्थानीय लोगों के साथ कई समन्वय बैठकें भी की गई थीं।

450 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

इस बीच, दिल्ली पुलिस पथराव करने वाले 30 उपद्रवियों की पहचान कर ली है और उन्हें हिरासत में लेने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान 450 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर की गई है। अब पुलिस टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर इन लोगों को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं।

पांच गिरफ्तार, जमानत पर आज सुनवाई

उधर, पथराव के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशिफ, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद अरीब, अदनान और समीर के रूप में हुई है।

आरोपियों की ओर से जमानत याचिकाएं दाखिल की गई हैं, जिन पर आज गुरुवार को सुनवाई होनी है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।