रामपुर में नाबालिग दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म के आरोप पर पुलिस सक्रिय, आरोपी की तलाश तेज
उप्र के रामपुर जनपद के सैफनी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद के सैफनी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता पक्ष की तहरीर के आधार पर गांव निवासी एक युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घटना उस समय की बताई जा रही है जब किशोरी घर पर अकेली थी। परिजनों द्वारा विरोध जताने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं किसी भी प्रकार की अफवाह या सामाजिक तनाव को रोकने के लिए गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Janmat News 
