रायबरेली पुलिस की बड़ी सफलता, 8 अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह की सदस्यों समेत गिरफ्तार
कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की साजिश रच रही आठ महिलाओं को गिरफ्तार कर शहर में सक्रिय एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
रायबरेली/जनमत न्यूज। कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की साजिश रच रही आठ महिलाओं को गिरफ्तार कर शहर में सक्रिय एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर से सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक राजेश कुमार और उनकी टीम ने घेराबंदी कर सभी महिलाओं को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार 13 सितम्बर को एसपीएस स्कूल के पास एक महिला के गहने चोरी होने की घटना हुई थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि ये महिलाएं टीम बनाकर महिलाओं के गले से चेन, मंगलसूत्र और पर्स/पॉकेट काटकर चोरी की वारदातों को अंजाम देती थीं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान महिमा, शशिकला, सुनीता, सरिता, बिन्दु, गीता, रेखा और रिंकी के रूप में हुई है। सभी गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और अंबेडकरनगर की रहने वाली हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई को रायबरेली पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिसने महिलाओं को निशाना बनाने वाले अंतरजनपदीय चोरी गिरोह की कमर तोड़ दी है।

Janmat News 
