मस्तराम घाट का एएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —
बुलन्दशहर/जनमत न्यूज। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के क्रम में 16 अप्रैल 2026 की रात्रि अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने थाना अनूपशहर क्षेत्र स्थित मस्तराम घाट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क एवं तत्पर रहने पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।


