मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में रिश्वतखोरी का खेल; स्वास्थ्य विभाग कटघरे में, वीडियो वायरल
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के जिला चिकित्सालय में भ्रष्टाचार और लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां तीमारदारों से खुलेआम रिश्वत लिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के जिला चिकित्सालय में भ्रष्टाचार और लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां तीमारदारों से खुलेआम रिश्वत लिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में एक महिला नर्स साफ तौर पर यह कहते हुए नजर आ रही है कि लिया गया पैसा सभी कर्मचारियों और अधिकारियों में बांटा जाता है। इस खुलासे के बाद मामले की सच्चाई जानने के लिए जनमत न्यूज की टीम ग्राउंड जीरो पर पहुंची।
टीम ने जब सरकारी नंबरों पर सीएमएस और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की, तो किसी स्तर पर फोन रिसीव नहीं किया गया और न ही कोई कॉल बैक आया। जबकि विभाग की ओर से साफ निर्देश हैं कि किसी भी कर्मचारी द्वारा पैसे मांगने पर तुरंत सूचना देने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब हिंदू संगठन के युवा शिवसेना जिला अध्यक्ष विपुल शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई।
इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली और जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Janmat News 
