मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर / जनमत न्यूज। जनपद मुजफ्फरनगर में एक युवती ने अपने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से सुरक्षा की मांग की है। युवती का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है, लेकिन उसके परिवार वाले इस विवाह से नाराज हैं और उसे तथा उसके पति को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवानी पुत्री नान्हू, मूल रूप से ग्राम नगवा की निवासी है और वर्तमान में ग्राम इटावा थाना बुढ़ाना, जिला मुजफ्फरनगर में रह रही है। युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बालिग है और उसकी जन्मतिथि 16 सितंबर 2007 है।
युवती के अनुसार उसने 6 मार्च 2026 को अपनी मर्जी से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मनु कुमार पुत्र ओमपाल निवासी ग्राम इटावा थाना बुढ़ाना के साथ एक मंदिर में विवाह कर लिया। शिवानी का कहना है कि वह अपने पति के साथ खुशी-खुशी रह रही है, लेकिन उसके मायके पक्ष के लोग इस विवाह से नाराज हैं।
शिवानी ने आरोप लगाया कि उसके परिजन लगातार उसे, उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। युवती का कहना है कि उसे और उसके पति को किसी भी समय नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
इस संबंध में युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने, अपने पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही उसने पुलिस से मामले में उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई है, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित पक्षों से जानकारी एकत्र कर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।