कुशीनगर: भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले दो भाइयों से मारपीट, अस्पताल में भर्ती; ग्राम प्रधान पर आरोप

उप्र के कुशीनगर जनपद के फाजिलनगर ब्लॉक के बलियवां गांव में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत करना दो भाइयों को भारी पड़ गया।

कुशीनगर: भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले दो भाइयों से मारपीट, अस्पताल में भर्ती; ग्राम प्रधान पर आरोप
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट 

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद के फाजिलनगर ब्लॉक के बलियवां गांव में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत करना दो भाइयों को भारी पड़ गया।

आरोप है कि जांच के लिए पहुंचे ब्लॉक अधिकारियों के सामने ही ग्राम प्रधान और उनके 20 से 25 समर्थकों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। घटना में घायल मो. सरफुद्दीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके छोटे भाई फैयाज के भी गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है।

शिकायत की जांच करने पहुंची थी टीम

दरअसल, बलियवां गांव में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर ग्रामीणों ने कसया के एसडीएम से शिकायत की थी। इसी शिकायत की जांच के लिए बुधवार दोपहर करीब तीन बजे बीडीओ रवि कुमार रंजन और एडीओ पंचायत राजेश गुप्ता गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, जांच टीम के साथ पुलिस बल मौजूद नहीं था।

अधिकारियों के सामने मारपीट का आरोप

घायल मो. सरफुद्दीन के अनुसार, अधिकारियों ने उन्हें फोन करके मौके पर बुलाया था। उनका आरोप है कि वहां पहुंचते ही ग्राम प्रधान और उनके साथ आए 20 से 25 लोगों ने उन पर और उनके छोटे भाई फैयाज पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया है।

सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर

मारपीट में घायल दोनों भाइयों को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी सीएचसी ले जाया गया। इसके बाद बुधवार शाम करीब सात बजे उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मो. सरफुद्दीन का इलाज चल रहा है।

पुलिस को पहले से सूचना नहीं मिलने की बात

मामले में चौराखास थानाध्यक्ष महेंद्र प्रजापति ने बताया कि जांच टीम की ओर से पुलिस को पहले से सूचना नहीं दी गई थी। मारपीट की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था।

उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस संबंध में पक्ष जानने के लिए बीडीओ रवि कुमार रंजन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।