बहराइच: घाघरा का रौद्र रूप, खतरे के निशान से 23 सेमी ऊपर बह रही; गांवों में घुसा पानी
पहाड़ों पर मूसलाधार बारिश और बैराजों से छोड़े गए 2.61 लाख क्यूसेक पानी के चलते उप्र के बहराइच जनपद में घाघरा और सरयू नदियां उफान पर हैं।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। पहाड़ों पर मूसलाधार बारिश और बैराजों से छोड़े गए 2.61 लाख क्यूसेक पानी के चलते उप्र के बहराइच जनपद में घाघरा और सरयू नदियां उफान पर हैं।
एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान को 23 सेंटीमीटर पार कर चुका है, जिससे समूचे तराई क्षेत्र में बाढ़ का गंभीर संकट गहरा गया है।
सड़कें संपर्कविहीन हो गई हैं और सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हैं। महसी के तटवर्ती इलाकों में भी भारी दहशत का माहौल है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने प्रशासनिक अमले के साथ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। देर शाम तक जलस्तर में और वृद्धि की आशंका को देखते हुए राजस्व एवं आपदा राहत टीमों को 24 घंटे हाई अलर्ट पर तैनात कर दिया गया है।







