मुज़फ्फरनगर के सरकारी अस्पताल में हालात शर्मनाक: कुत्ते बेड पर, ज़मीन पर इलाज को मजबूर मरीज

उप्र के मुज़फ्फरनगर जनपद के सरकारी अस्पताल से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं।

मुज़फ्फरनगर के सरकारी अस्पताल में हालात शर्मनाक: कुत्ते बेड पर, ज़मीन पर इलाज को मजबूर मरीज
Published By- Diwaker Mishra

मुज़फ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुज़फ्फरनगर जनपद के सरकारी अस्पताल से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। अस्पताल परिसर में जहाँ एक ओर तीमारदार स्थल पर बेड पर कुत्ते आराम फरमाते नजर आए, वहीं बीमार मरीज इलाज के लिए ज़मीन पर लेटे हुए दिखाई दिए। यह दृश्य तब उजागर हुआ जब जन्मत न्यूज़ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सच्चाई कैमरे में कैद की।

हैरानी की बात यह रही कि जब इस गंभीर अव्यवस्था को लेकर अस्पताल के जिम्मेदार कर्मचारियों से सवाल किए गए, तो उन्होंने साफ तौर पर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह हमारी नहीं, बल्कि उच्च अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कर्मचारियों का कहना था कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो व्यवस्थाएं सुधारी गईं और न ही पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए।

अस्पताल में साफ-सफाई, सुरक्षा और मरीजों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर यह हालात स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करते हैं। आखिर सरकारी अस्पतालों का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज देना है, न कि उन्हें जानवरों के साथ जगह साझा करने पर मजबूर करना।

अब बड़ा सवाल यह है कि

क्या उच्च अधिकारी इस गंभीर लापरवाही पर संज्ञान लेंगे?

कब तक मरीज ज़मीन पर और कुत्ते बेड पर नजर आते रहेंगे?

जन्मत न्यूज़ प्रशासन से मांग करता है कि मामले की तत्काल जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी अस्पतालों में इंसानियत और व्यवस्था दोनों बहाल हो सकें।