बहराइच: अवैध अतिक्रमण पर तहसील प्रशासन सख्त, जेसीबी से की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई
उप्र के बहराइच जनपद के नानपारा तहसील क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम मोनालिसा जौहरी के नेतृत्व में ग्राम रामनगर सेमरा, परगना चरदा स्थित सरकारी भूमि (गाटा संख्या 56) पर बने पक्के अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
बहराइच से रिजवान अहमद की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के नानपारा तहसील क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम मोनालिसा जौहरी के नेतृत्व में ग्राम रामनगर सेमरा, परगना चरदा स्थित सरकारी भूमि (गाटा संख्या 56) पर बने पक्के अवैध निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के नाम दर्ज है, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया गया था। सूचना मिलने पर प्रशासन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
इस दौरान नायब तहसीलदार अक्षय पांडेय, राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपाल भी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं जिला प्रशासन का इकबाल भी मजबूत हुआ है।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने साफ चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि, तालाब, चकरोड और सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खुद ही अवैध कब्जा हटा लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
