प्रतापगढ़: किन्नर गुरु ने दूसरे किन्नर पर लगाया क्षेत्र में दखल का आरोप, एसपी से न्याय की गुहार
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में एक किन्नर गुरु ने दूसरे किन्नर पर अपने निर्धारित क्षेत्र में जबरन दखल देने, नेग मांगने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में एक किन्नर गुरु ने दूसरे किन्नर पर अपने निर्धारित क्षेत्र में जबरन दखल देने, नेग मांगने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर मामले में कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्षों से चली आ रही क्षेत्रीय परंपरा और आपसी व्यवस्था का उल्लंघन किया जा रहा है। आरोप है कि दूसरा पक्ष उनके निर्धारित क्षेत्र में पहुंचकर नेग मांग रहा है और विरोध करने पर धमकी दे रहा है, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मंगलवार सुबह शिकायतकर्ता ने एसपी को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन रहा है और पारंपरिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


